– टोल कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान; बार-बार घटनाओं के बावजूद पुलिस की सख्ती पर उठ रही उंगली
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा ।स्मार्ट हलचल|उनियारा सर्किल क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने एक बार फिर खुलेआम दबंगई दिखाई। उनियारा थाना क्षेत्र में गुलाबपुरा-नैनवां नेशनल हाईवे-148डी पर स्थित पलाई टोल प्लाजा पर सोमवार देर मध्य रात्रि 12 बजे करीब हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर टोल के सभी कम्प्यूटर बूथों में जमकर तोड़फोड़ कर दी और टोल कर्मचारियों पर जानलेवा हमले का प्रयास किया। बदमाशों की इस हरकत से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि घटना के तुरंत बाद सूचना पर पलाई चौकी प्रभारी रमेश चंद्र बैरवा मौके पर पहुंचे तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।
पलाई टोल प्लाजा प्रबंधक उदय सिंह की जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात 12 बजे करीब तीन वाहनों में सवार होकर नैनवां की ओर से आए हथियारबंद बदमाश अचानक पलाई टोल प्लाजा पहुंचे और टोल बूथ पर ताबड़तोड़ लाठियों व हथियारों से हमला कर दिया। बदमाशों ने सभी लेन के सभी टोल बूथों के कांच, मशीनों और अन्य उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे टोल प्लाजा को लाखों रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। अचानक हुए हमले से टोल बूथ पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागकर किसी तरह खुद को सुरक्षित किया। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही उनियारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया गया है।सीसीटीवी फुटेज में एक सफेद रंग की कार आरजे 08 सीबी 7371 के प्लेट नंबर भी सामने आए हैं, जबकि दो अन्य गाड़ियों के नंबर प्लेट काले रंग की टेप चिपकाकर छिपा रखे थे। टोल प्रबंधन द्वारा पुलिस थाना उनियारा पर रिपोर्ट भी दी गई है, रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने पांच नामजद सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टीम गठित कर आरोपियों को डिटेन व उनके द्वारा घटना में प्रयुक्त चौपहिया वाहन कारों को जप्त करने के लिए दबिश दी जा रही है। संभवतया आरोपी बूंदी जिले के निवासी होने की संभावना जताई जा रही है।हालांकि स्थानीय लोगों व टोल कर्मचारियों का कहना है कि टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी पलाई सहित क्षेत्र के टोंक रोड़ स्थित गुमानपुरा टोल प्लाजा पर भी असामाजिक तत्वों व बदमाशों द्वारा इस तरह की वारदातें की जा चुकी हैं।
*पुलिस की रात्रि गश्त पर उठे सवाल*
लगातार क्षेत्र में बढ़ते अपराध के चलते हो रही ऐसी घटनाओं के बाद क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त और कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं सामने आने पर यदि समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती तो असामाजिक तत्वों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते।लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए तथा हाईवे और टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
