बरसनी गांव में लगातार पैंथर की मूवमेंट से ग्रामीणों में दहशत, खनन क्षेत्र में डाल रखा है डेरा, पशुओं को बना रहे है शिकार

रोहित सोनी

आसींद । बरसनी गांव में इन दिनों पैंथर के लगातार दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बरसनी क्षेत्र अब पैंथर की शरण स्थली बनता जा रहा है। खेतों के नजदीक स्थित माइंस क्षेत्र में पैंथर ने डेरा डाल रखा है, जिससे आसपास के किसानों की चिंता बढ़ गई है। पैंथर के डर के कारण किसान अपने खेतों में फसल कटाई तक नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, आए दिन पालतू पशुओं को शिकार बनाए जाने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। कुछ दिनों पहले पैंथर ने करीब 25 मुर्गियों को अपना शिकार बना लिया था, जिससे मुर्गी पालक को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि इस मार्ग से गुजरने में भी ग्रामीण डरने लगे हैं। इसी बीच फतेहपुरा निवासी धर्मेंद्र गुर्जर ने हाल ही में पैंथर को देखने की पुष्टि की है, जिससे क्षेत्र में दहशत और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द पैंथर को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।