सवाईपुर ( सांवर वैष्णव ):- सवाईपुर कस्बे में कोटड़ी चौराया के निकट बुधवार देर रात नेशनल हाईवे 758 पर एक कंटेनर व कार में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई जिसमे कार चालक युवक की मौत हो गई । सुचना पर सवाईपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची । चौकी प्रभारी एएसआई प्यार चंद खटीक ने बताया कि भीलवाड़ा कोटा रोड़ पर सवाईपुर के कोटड़ी चौराहे के पास बुधवार देर रात को भीलवाड़ा से बीगोद की तरफ जा रहे कंटेनर की सामने से आ रही कार से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, टक्कर इतनी जबरदस्त थी की कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया । इस हादसे में कार चालक पीयूष शर्मा ( चार्टर्ड अकाउंटेंट ) पिता राम कृष्ण शर्मा निवासी ओल्ड हाउसिंग बोर्ड, शास्त्री नगर, भीलवाड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया, गंभीर घायल को सवाईपुर 108 एंबुलेंस के मदद से जिला चिकित्सालय रेफर किया गया जहां डॉक्टर ने पीयूष को मृत घोषित किया । पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाया, वही मौके पर ग्रामीणों व राहगीरों की भीड़ जमा हो गई । पुलिस ने गुरुवार सुबह जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द किया, मामला दर्ज कर जांच शुरू की ।
