काछोला मे गणगौर पूजन में उमड़ी महिलाएं, गूंजे मंगल गीत

काछोला 21 मार्च-स्मार्ट हलचल|काछोला तहसील कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में गणगौर पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। गणगौर पूजन एवं उद्यापन के लिए महिलाओं ने विशेष तैयारियां की।
पूर्व सरपंच बाला देवी कास्ट व महिला मंडल के सानिध्य में कस्बे के श्री वीर तेजाजी महाराज मंदिर परिसर में गणगौर माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान महिलाओं ने रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान धारण कर ईसर-गणगौर की आराधना की और मंगल गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
पूजन के दौरान विवाहित महिलाओं ने “गोर-गोर गोमती, ईसर पूजे पार्वती” सहित विभिन्न पारंपरिक गीत गाते हुए अपने सुहाग की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं कई महिलाओं ने उद्यापन कर सुहागिनों को भोजन करवाया तथा सुहाग सामग्री भेंट की।