अनिल कुमार
प्रशासन का दोगलापन बर्दाश्त नहीं, दूषित पानी पिलाकर जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहे अधिकारी: अजय शर्मा
स्मार्ट हलचल|शहर में गहराते पेयजल संकट और जलदाय विभाग (PHED) की कथित संवेदनहीनता के खिलाफ अब कांग्रेस ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्यावर द्वारा आगामी 23 मार्च (सोमवार) को सुबह 11:00 बजे अजमेर रोड स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय का विशाल घेराव और जन आक्रोश प्रदर्शन किया जाएगा।
बांध लबालब, फिर भी किल्लत क्यों?
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने स्थानीय नेतृत्व और प्रशासनिक अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इंद्रदेव की कृपा से बीसलपुर बांध पूरी तरह भरा होने के बावजूद ब्यावर की जनता बूंद-बूंद पानी को तरस रही है। उन्होंने इसे प्रशासन का ‘दोगलापन’ करार देते हुए कहा कि नाकारा अधिकारियों की वजह से जनता को हक का पानी नहीं मिल पा रहा है।
*दूषित पानी से महामारी का खतरा*
अजय शर्मा ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा:
*अनियमित सप्लाई:* कई वार्डों में हफ्तों तक पानी नहीं आता।
*जहरीला पानी* : पुरानी पाइपलाइनों और लीकेज के कारण पेयजल में सीवरेज का गंदा पानी मिल रहा है।
*स्वास्थ्य से खिलवाड़* : शहर में बदबूदार और दूषित पानी की आपूर्ति से महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
कार्यकर्ताओं और जनता से आह्वान
एडवोकेट शर्मा ने समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन से अपील की है कि वे सोमवार सुबह 11 बजे अधिक से अधिक संख्या में जलदाय विभाग कार्यालय पहुँचें। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक प्रशासन ठोस समाधान और स्वच्छ जलापूर्ति का आश्वासन नहीं देता, आंदोलन जारी रहेगा।
