एक दिवसीय रोजगार सहायता शिविर का आयोजन

बानसूर। स्मार्ट हलचल|राजस्थान कौशल नियोजन एवं उद्यमिता विभाग द्वारा शनिवार को नारायणपुर नगरपालिका परिसर में एक दिवसीय रोजगार सहायता शिविर का आयोजन किया गया। स्थानीय विधायक देवीसिंह शेखावत ने शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में क्षेत्र के 300 युवाओं का विभिन्न कंपनियों के लिए चयन किया गया और उन्हें मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। विधायक देवीसिंह शेखावत ने कहा कि राज्य सरकार रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का विशेष ध्यान युवा, किसान और महिलाओं पर है, ताकि इन वर्गों को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।स्वरोजगार के लिए 2 करोड़ रुपए तक ऋण दिया जा रहा।विधायक शेखावत ने बताया कि उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विभाग युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। इसके तहत 2 करोड़ रुपए तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें 25 लाख रुपए तक की सब्सिडी का प्रावधान है। शिविर में लघु उद्योगों के लिए भी ऋण प्रदान किए गए। उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपना रोजगार स्थापित करने और दूसरों को भी रोजगार देने वाले बनने की अपील की। शिविर में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने युवाओं का साक्षात्कार लिया और मौके पर ही उनका चयन किया।