बानसूर। क्षेत्र के ग्राम चूला में एक बालक की सूखे कुएं में गिरने से मौत का मामला सामने आया हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात्रि कों कांजीपुरा निवासी 14 वर्षीय हेमंत कुमार मेघवाल पुत्र सुरेश कुमार चूला स्थित गूंदा सिद्ध मंदिर के पास एक रिश्तेदारी में कुआं पूजन समारोह में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वो पास ही स्थित खुले कुएं में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। रात करीब 11 बजे रोटी बैंक की निशुल्क एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बालक को कुएं से बाहर निकाला जा सका। गंभीर हालत में बालक को तुरंत बानसूर उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर हरसौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खुले कुओं को ढका जाए और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
