(शीतल निर्भीक ब्यूरो)
वाराणसी। स्मार्ट हलचल|पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में विकास की रफ्तार अब तेज होती नजर आ रही है, जब मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने 21 मार्च 2026 को औड़िहार जंक्शन स्टेशन का व्यापक निरीक्षण करते हुए यात्री सुविधाओं एवं चल रहे विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया और व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पैदल उपरिगामी पुल, प्लेटफॉर्म की सतह, यात्री शेड के विस्तार, सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन भवन, केंद्रीयकृत स्टेशन पैनल, यात्री प्रतीक्षालय तथा माइक्रोवेव टॉवर की कार्यप्रणाली की गहन जांच की और व्यवस्थाओं में सुधार पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं में कमी पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया में लगे फव्वारों को चालू करने, प्रतीक्षालय में बेंच और पंखों की संख्या बढ़ाने, दीवारों पर लगे अनावश्यक बैनर और पोस्टर हटाने, प्लेटफॉर्म शेड में अतिरिक्त पंखे लगाने, प्लेटफॉर्म पर अनाधिकृत प्रवेश को पूरी तरह रोकने, खुले पड़े केबलों को ढकने, ट्रेनों को निर्धारित प्लेटफॉर्म पर ही लेने तथा वॉटर बूथों पर लीकेज को तत्काल ठीक कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, साथ ही स्टेशन परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी के आदेश भी जारी किए।
इसके बाद डीआरएम आशीष जैन ने औड़िहार रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण कर कर्मचारियों और उनके परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और साफ-सफाई, ड्रेनेज व्यवस्था एवं फॉगिंग को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में संरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने पॉइंट्स संख्या 229A एवं B का पॉइंट्स एंड क्रॉसिंग निरीक्षण कर सभी सुरक्षा मानकों को परखा, वहीं इससे पूर्व औड़िहार यार्ड में स्थित लिमिटेड हाइट सबवे (LHS 20B) का निरीक्षण कर सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और सुविधा से जुड़े पहलुओं की भी गहन जांच की और आवश्यक दिशा-निर्देश मौके पर ही दिए।
इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आयुष कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) सौरभ राठौर, मंडल वाणिज्य प्रबंधक रमेश पाण्डेय, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार सहित कई वरिष्ठ पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि इस निरीक्षण का उद्देश्य औड़िहार स्टेशन पर विकास कार्यों को गति देना और यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिसके बाद जल्द ही स्टेशन पर बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे और औड़िहार जंक्शन यात्रियों के लिए अधिक आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
