उदयपुर । राजस्थान केउदयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रविवार को ट्रैप की कार्रवाई करते हुए मांडवा थाने के SHO निर्मल कुमार खत्री और कांस्टेबल भालाराम को 8 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया. आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मियों ने एक एनडीपीएस केस में चार लोगों को आरोपी नहीं बनाने के बदले में रिश्वत मांगी थी. इस पूरे मामले में 20 लाख रुपये की मांग की गई थी । एसीबी थानाधिकारी सोनू शेखावत ने बताया कि आरोपियों की ओर से 20 लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से 8 लाख रुपये लेते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. परिवादी पक्ष का आरोप है कि थाना प्रभारी लगातार दबाव बना रहे थे और धमकी दे रहे थे कि पैसे नहीं देने पर चारों लोगों को मामले में नामजद कर दिया जाएगा. इस तरह की धमकियों से परेशान होकर परिवादी ने एसीबी से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई । शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए. इसके बाद डीआईजी रामेश्वर सिंह के निर्देशन में एसीबी थानाधिकारी सोनू शेखावत के नेतृत्व में ट्रैप प्लान तैयार किया गया. योजना के तहत टीम ने जाल बिछाया और तय रकम की पहली किश्त के रूप में 8 लाख रुपये देते समय दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. कार्रवाई के दौरान एसीबी की टीम ने मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली ।
