मुकेश खटीक
मंगरोप।क्षेत्र के दरी गांव में समस्त ग्रामजनों एवं श्रद्धालुओं के आर्थिक सहयोग से आगामी 3 अप्रैल से 51 कुंडात्मक श्री विष्णु नव दिवसीय देवनारायण महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान का सानिध्य तपस्वी महंत, यज्ञ सम्राट, राजऋषि महंत गंगादास जी महाराज (राष्ट्रीय श्री निर्मोही अखाड़ा, अयोध्या रामघाट) द्वारा प्रदान किया जाएगा।
महायज्ञ को लेकर क्षेत्र में व्यापक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और ग्रामीणों में विशेष उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्रामवासी जुटे हुए हैं तथा विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।इसी क्रम में रविवार सुबह महंत गंगादास जी महाराज ग्रामीणों के साथ बेगूं क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध जोगणिया शक्तिपीठ पहुंचे। यहां उन्होंने माता के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। महंत ने शक्तिपीठ में निमंत्रण पत्र अर्पित करते हुए माता को महायज्ञ में पधारने का आमंत्रण दिया।इस अवसर पर उन्होंने जोगणिया शक्तिपीठ के पुजारी एवं शक्तिपीठ विकास संस्थान के सदस्यों को भी दरी गांव में आयोजित होने वाले इस भव्य धार्मिक आयोजन में सपरिवार एवं ससम्मान शामिल होने का न्योता दिया।
महंत गंगादास जी महाराज ने बताया कि यह महायज्ञ धार्मिक आस्था, संस्कार और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।आयोजन के दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, हवन-पूजन,कथा एवं भजन-कीर्तन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।ग्रामीणों ने सभी श्रद्धालुओं से इस महायज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
