तीन दिवसीय ब्लॉक स्तरीय ग्रामीण खेल महोत्सव सम्पन्न

बानसूर। स्मार्ट हलचल|कस्बें के आरसीआई स्कूल के खेल मैदान में राज फाऊंडेशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ब्लॉक स्तरीय ग्रामीण खेल महोत्सव का रविवार कों डीआईजी देवेंद्र कुमार विश्नोई के मुख्य आतिथ्य में समापन हुआ। अतिथियों द्वारा विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे पूर्व आयोजकों द्वारा अतिथियों का साफा व माला पहनाकर स्वागत किया गया। डीआईजी देवेंद्र कुमार विश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण खेल प्रतिभाओं में अपार संभावनाएं छिपी होती हैं, जिन्हें सही मंच और मार्गदर्शन मिलने पर वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के खेल महोत्सव न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं, बल्कि उन्हें अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भी पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज फाऊंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ.विजय कुमार ने बताया कि ग्रामीण खेल महोत्सव के तहत बानसूर ब्लॉक में पहले ग्रामीण स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इन प्रतियोगिताओं की विजेता टीमों के बीच ब्लॉक स्तर पर फाइनल मुकाबले खेले गए।कबड्डी पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला चैनपुरा और ऊंछपुर टीम के बीच हुआ,जिसमें ऊंछपुर की टीम विजयी रही तों वहीं कबड्डी महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला खोहरी और गुता शाहपुर के बीच खेला गया, जिसमें खोहरी टीम ने जीत हासिल की। इसी तरह खो-खो पुरुष वर्ग में आलमपुर की टीम ने फाइनल मुकाबला जीता।खो-खो महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला रामनगर और नारायणपुर टीमों के बीच हुआ, जिसमें नारायणपुर की टीम विजेता बनी जबकि रस्साकशी पुरुष वर्ग में रामपुरा और कांकरिया के बीच हुए फाइनल मुकाबले में रामपुरा की टीम विजयी रही। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण खेल प्रतिभाओं कों निखारना हैं। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी प्रदीप नरवाल, आरसीआई ग्रुप के संरक्षक विशंभर दयाल, पंकज यादव,राजकुमार यादव,राजीव कुमार सहित खिलाड़ी व शिक्षक मौजूद रहें।