ओम जैन
शंभूपुरा।स्मार्ट हलचल|वंडर सीमेंट फैक्ट्री निम्बाहेड़ा में काम करते हुए एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुपरवाइजर बंसीलाल पुत्र शांतिलाल के रूप में हुई है। परिवार ने फैक्ट्री प्रबंधन पर समय पर सूचना न देने का आरोप लगाया है।
मृतक के पिता शांतिलाल ने बताया मेरा बेटा वंडर सीमेंट फैक्ट्री में काम करता था। फैक्ट्री में हादसा दोपहर 1 बजे हुआ था। परिवार को इसकी सूचना शाम 5 बजे दी गई। कंपनी ने लापरवाही की है।
सूचना के बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीण बंसीलाल के शव के साथ अस्पताल में जमा हो गए। मौके पर सदर थानाधिकारी संजय शर्मा और कोतवाली थानाधिकारी रामसुमेर मीणा पहुंचे और समझाइश की।
बंसीलाल लसड़ावन गांव का निवासी था। बड़ी संख्या में समाज और गांव के लोग अस्पताल पहुंचे और परिवार के लिए नौकरी व बंसीलाल की 3 वर्षीय बेटी की पढ़ाई का खर्च उठाने की मांग की। परिवारवालो ने बताया कि बंसीलाल परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था।
बंसीलाल की शादी तीन साल पहले हुई थी और उसकी एक छोटी बेटी है। परिवार में पत्नी और दो बहनें है, सभी के पालन पोषण की जिम्मेदारी बंसीलाल पर ही थी।
