– शौर्य चेरिटेबल फाउंडेशन द्वारा ‘सावित्रीबाई फुले छात्रवृत्ति कार्यक्रम’ आयोजित
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/जयपुर।स्मार्ट हलचल|झालाना डूंगरी, जयपुर में शौर्य चेरिटेबल फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘सावित्रीबाई फुले छात्रवृत्ति कार्यक्रम’ में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी एवं लघु उद्योग निगम के पूर्व चेयरमैन राजीव अरोड़ा ने शिरकत की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने मेधावी एवं जरूरतमंद छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान कर उन्हें शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है। इस दिशा में किया गया प्रत्येक प्रयास समाज के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कार्यक्रम को अत्यंत सुखद एवं संतोषजनक बताते हुए कहा कि छात्राओं के आत्मविश्वास, उनके बड़े सपनों और आगे बढ़ने की लगन को देखकर गर्व की अनुभूति होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये बेटियां अपने परिश्रम, संकल्प और प्रतिभा के दम पर न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज और देश का भी नाम रोशन करेंगी। राजीव अरोड़ा ने शौर्य चेरिटेबल फाउंडेशन एवं सभी आयोजकों को इस प्रेरणादायक पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता और सहयोग की भावना को निरंतर सशक्त करते हैं। अंत में उन्होंने सभी से आह्वान किया कि हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक बालिका को अपने सपनों को साकार करने का समान अवसर मिले। कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
