मुकेश खटीक
मंगरोप।हमीरगढ़ कस्बे के इको पार्क में रविवार को सायंकाल लव-कुश वाटिका के समीप दिवंगत नृसिंहलाल लड्ढा की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि स्वरूप पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम पीपल फॉर एनिमल्स के प्रभारी सत्यनारायण व्यास के सानिध्य में सम्पन्न हुआ,जिसमें लड्ढा परिवार के सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के तीन पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों,जिनमें राजपरिवार के सदस्य हर्षवर्धन सिंह सहित अन्य मेहमान शामिल रहे,का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया।कृष्ण गोपाल लड्ढा एवं हेमलता ने विधि-विधान से बड़ के पौधे की पूजा कर रोपण किया।वहीं मनीष कुमार व पिंकी ने अशोक का पौधा लगाया।विष्णु कुमार,ममता,कंवर साहब तथा विनोद–पूनम काला ने पीपल के वृक्ष का पूजन कर पौधारोपण किया।इस अवसर पर कृष्ण गोपाल लड्ढा ने कहा कि वर्तमान समय में विश्वभर में पर्यावरण संकट गहराता जा रहा है।जल स्तर लगातार गिर रहा है और प्रदूषण बढ़ रहा है।ऐसे में वृक्षारोपण ही इसका स्थायी समाधान है।उन्होंने सभी से अपने जीवन के विशेष अवसरो—जन्मदिन,विवाह वर्षगांठ या पुण्यतिथि—पर पौधे लगाने का आह्वान किया।उन्होंने यह भी बताया कि वे पूर्व में भी पारिवारिक अवसरों पर पौधारोपण कर चुके हैं और आज लगाए गए पौधों को विकसित होता देख उन्हें अत्यंत संतोष मिलता है।विश्व जल दिवस के अवसर पर उन्होंने पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था हेतु एक टांके में पानी भरवाने की इच्छा जताई है।कार्यक्रम में मिस्टी,आर्यन,अंशुल,दिविशा सहित इको पार्क के कर्मचारी योगेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।
