तरुण खटीक हत्याकांड पर खटीक समाज का कलेक्ट्रेट पर उग्र प्रदर्शन, CBI जांच व 1 करोड़ मुआवजे सहित कई मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा // दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में होली के दिन हुई 26 वर्षीय तरुण खटीक की हत्या के मामले को लेकर खटीक समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में “राष्ट्रीय समृद्ध खटीक समाज सेवा संस्थान, राजस्थान” के बैनर तले समाज के प्रतिनिधियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर भीलवाड़ा को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि 4 मार्च 2026 को होली के दिन पानी के गुब्बारे को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक रूप ले बैठा, जिसमें तरुण खटीक की निर्मम हत्या कर दी गई। समाज ने इस घटना को बेहद दुखद और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला बताया।
संस्थान के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि मामले में अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे पीड़ित परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यह घटना कमजोर वर्गों में डर का वातावरण पैदा कर रही है।
ज्ञापन के माध्यम से समाज ने प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए CBI या उच्च स्तरीय SIT गठित की जाए। साथ ही सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके।
इसके अलावा पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने, 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की गई। समाज ने दोषियों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की भी मांग उठाई। समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो समाज व्यापक स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगा।