शाहपुरा मूलचन्द पेसवानी
भीलवाड़ा-शाहपुरा मार्ग मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे का गवाह बना, जहां रायपुर चौराहे के पास एक तेज रफ्तार निजी बस और टाटा हैरियर कार के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस भीषण दुर्घटना में करीब 35 से 37 लोग घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भीलवाड़ा रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीलवाड़ा से शाहपुरा की ओर आ रही निजी बस तेज गति में थी। जैसे ही बस रायपुर चौराहे के पास पहुंची, सड़क पर बने गहरे गड्ढे को बचाने के प्रयास में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते बस सामने से आ रही कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया।
हादसे के बाद बस भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही शाहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक उप निरीक्षक एम. कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला। एंबुलेंस के पहुंचने में देरी होने पर पुलिस वाहन चालक कृष्ण गोपाल ने मानवीयता का परिचय देते हुए अपने वाहन से ही घायलों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया। उन्होंने 4-5 चक्कर लगाकर कई घायलों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
सभी घायलों को शाहपुरा चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को भीलवाड़ा रेफर किया गया। अस्पताल में घायलों की स्थिति को लेकर अफरा-तफरी का माहौल रहा, वहीं परिजनों की चिंता साफ झलक रही थी।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे। एसडीओ सुनील मीणा, तहसीलदार भीवंराज परिहार और सीआई सुरेश कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया और अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।
दुर्घटना के चलते भीलवाड़ा-शाहपुरा मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
इस हादसे में पुष्पा कंवर, शौभाग सिंह, पायल कंवर, रामकुमार, फातमा बेगम, महेंद्र मीणा, नीतू देवी, गोरा बंजारा, भगवत सिंह, गुड्डी कंवर, गोमा बंजारा, रिंका मीणा, कोमल, भैरु बैरवा, अंकित बैरवा, तनवीर अहमद, दुर्गा, हितेश बैरवा, चेतन, सुरेश, अनुराधा और पप्पू मोची सहित कई लोग घायल हुए हैं। वहीं दो महिलाएं और दो पुरुषों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
हादसे की खबर मिलते ही भाजपा और कांग्रेस के कई नेता भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना तथा हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और सड़क की खराब स्थिति को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
