रायला पुलिस की कार्यवाही 590 ग्राम अफीम जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार: फॉर्च्यूनर कार में कर रहे थे तस्करी

रायला( लकी शर्मा)। भीलवाड़ा जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ रायला थाना पुलिस व DST टीम ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए 590 ग्राम अफीम के साथ 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्यवाही गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार तीनों आरोपी फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर तस्करी कर रहे थे और सभी हरियाणा के रहने वाले हैं। इनमें 25 वर्षीय नुकुल पुत्र राजेश जाट निवासी सोनीपत (हरियाणा), 23 वर्षीय राहुल पुत्र सुनील जाट तथा विक्की पुत्र राजेश जाट शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से अफीम बरामद कर मौके से ही हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।