रज़ा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित

निंबाहेड़ा, 24 मार्च 2026

स्मार्ट हलचल|रज़ा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी की जानिब से दिनांक 23 मार्च 2026 को पुरानी ईदगाह मस्जिद स्थित मदरसे में कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए एक प्रभावी करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु सही मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम का आगाज़ जनाब अलीम रिज़वान अशरफी साहब ने तिलावते कुरान से किया तथा बच्चों के अच्छे मुस्तकबिल के लिए ख़ास दुआ भी फरमाई।

इस अवसर पर निंबाहेड़ा के अनुभवी एवं प्रतिष्ठित शिक्षकों के साथ आरएनटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेस से जनाब वसीम साहब एवं उनकी टीम ने विशेष रूप से शिरकत की। वसीम साहब एवं उनकी टीम के प्रत्येक सदस्य ने अपने-अपने विषय के अनुरूप विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, विभिन्न कोर्सेज एवं करियर के विविध क्षेत्रों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। विद्यार्थियों ने इस मार्गदर्शन सत्र को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की हौसला अफजाई हेतु अनेक गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे, जिनमें जनाब सैयद साजिद अली, अयूब सर, फ़ैज़ अहमद साहब, आसिम सर, तालिब सर, पुरानी ईदगाह मस्जिद के सदर जनाब मुनव्वर खान, कृति संस्थान से जनाब सीराज खान एवं अशरफ खान प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन सोसायटी के अध्यक्ष जनाब हाजी फारूक साहब द्वारा किया गया। उन्होंने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व एवं जीवन में आगे बढ़ने के लिए सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया, जिससे विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति उत्साह और अधिक प्रबल हुआ।

इस अवसर पर सोसायटी के सक्रिय सदस्यों के रूप में यासीन एडवोकेट, राशिद खान, आमिर अनवर, सिकंदर खान, नाजिम अंसारी एवं शाहरुख खान की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित जनों के प्रति आभार प्रकट करते हुए किया गया।