हालात हारे, हौसले जीते: ठेले वाले पिता का बेटा बना टॉपरों में शामिल, दुल्हापुरा स्कूल ने रचा 100% रिजल्ट का इतिहास

संघर्ष से सफलता तक की मिसाल—रितिका अवस्‍थी प्रथम, लवकुश सैनी की उपलब्धि बनी प्रेरणा

नीरज मीणा

स्मार्ट हलचल|महवा।क्षेत्र के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल दुल्हापुरा ने इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 100% परिणाम हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
परीक्षा परिणाम में रितिका अवस्थी ने 82.17% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं लवकुश सैनी ने 80.83% अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया और शैलेश सैनी ने 80.83% अंकों के साथ तृतीय स्थान हासिल किया।
इस परिणाम की सबसे प्रेरणादायक कहानी लवकुश सैनी की रही। उनके पिता कैलाश सैनी ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। बेटे की इस सफलता ने न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गर्व का अवसर दिया। लवकुश की उपलब्धि यह साबित करती है कि मजबूत इरादों और मेहनत के आगे परिस्थितियां भी झुक जाती हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों को इस उत्कृष्ट परिणाम पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
विद्यालय में इस उपलब्धि को लेकर खुशी और उत्साह का माहौल है, वहीं यह परिणाम अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनकर उभरा है।