होनहार के होत चिकने पात, भाविका खोतानी का भव्य अभिनंदन, ऑस्ट्रेलिया से मास्टर डिग्री लेकर लौटी बेटी का सिंधी समाज ने किया सम्मान

भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी
“होनहार के होत चिकने पात” कहावत को साकार करती हुई भीलवाड़ा शहर की होनहार बालिका भाविका खोतानी का आज सिंधी समाज द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। जैसे ही भाविका ऑस्ट्रेलिया से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बिजनेस एनालिटिक्स) में मास्टर डिग्री लेकर अपने शहर लौटी, वैसे ही सकल सिंधी समाज ने उन्हें सिर-आंखों पर बिठा लिया।
सिंधु नगर स्थित झूलेलाल मंदिर में आयोजित इस सम्मान समारोह में भाविका का फूल-मालाओं, तिलक और दुपट्टा ओढ़ाकर भावभीना अभिनंदन किया गया। माहौल पूरी तरह उत्सवमय था और समाजजन अपनी इस बेटी की उपलब्धि पर गर्व से झूम उठे।
सिंधी समाज के मीडिया प्रभारी मूलचंद बहरवानी ने बताया कि भाविका, शहर के प्रतिष्ठित परिवार हरीश खोतानी एवं दिवंगत निशा खोतानी की सुपुत्री हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित ऑस्ट्रेलिया से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बिजनेस एनालिटिक्स) में मास्टर डिग्री की उपाधि प्राप्त की है। खास बात यह रही कि भाविका ने अपनी पढ़ाई के दौरान स्कॉलरशिप भी हासिल की, जो उनकी प्रतिभा का प्रमाण है।
यह उपलब्धि और भी खास बन गई जब उन्हें डिग्री प्रदान करने के लिए आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह में कई बड़े गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त, गुजरात सरकार के मुख्य सचिव एम. के. दास सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने भाविका की उपलब्धि और स्कॉलरशिप हासिल करने पर खुलकर प्रशंसा की।
भीलवाड़ा में सम्मान समारोह में गोविंद धाम के संत किशन दास ने भाविका को तिलक लगाकर, माला पहनाकर और उपाधि स्वरूप मिली टोपी मस्तक पर धारण कराकर नागरिक अभिनंदन किया। साथ ही प्रोत्साहन स्वरूप भेंट भी दी। उन्होंने अपने आशीर्वचन में कहा कि “ऐसी प्रतिभाएं ही समाज और देश का नाम रोशन करती हैं, और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनती हैं।”
इस अवसर पर समाज के एक और होनहार युवा डॉ. लकी नारवानी का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद किशोर सोनी, वीरूमल पुरसानी, राजेश माखीजा, सुगनामल कलवानी, ओम गुलाबानी, गुलशन विधानी, महेश खोतानी, मनोहर लालवानी, सतीश शर्मा, जितेंद्र रंगलानी, किशोर खोतानी, राजकुमार ठारवानी, तुलसी निहालानी, बबीता नारवानी, धीरज पेशवानी, कमल प्रजापत, नानकराम जेठानी, पूनम चंचलानी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।