पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। शहर के सेवा सदन रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा (चेस्ट ब्रांच) में बुधवार को भारतीय रिजर्व बैंक एवं एसबीआई के संयुक्त तत्वावधान में “Lower Note Denomination & Fresh Note Exchange Mela” का आयोजन किया गया। बैंक परिसर में लगाए गए आकर्षक बैनर और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच आयोजित इस एक दिवसीय मेले में 10, 20 एवं 50 रुपये के नए नोट नागरिकों को एक्सचेंज कर वितरित किए गए।
मंगल कार्यों, विवाह समारोहों और सामाजिक आयोजनों में छोटे मूल्य वर्ग के नए नोटों की बढ़ती मांग को देखते हुए आयोजित इस विशेष मेले को शहरवासियों का भरपूर प्रतिसाद मिला। सुबह से ही बैंक के अंदर और बाहर लंबी कतारें लग गईं। महिला, पुरुष, बुजुर्ग और युवा—सभी वर्गों के लोग शांतिपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
बैंक प्रशासन द्वारा ग्राहकों की सुविधा के लिए विशेष काउंटर की व्यवस्था की गई थी। कर्मचारियों ने अनुशासन बनाए रखते हुए क्रमबद्ध तरीके से नोट एक्सचेंज किए। बैंक स्टाफ समय-समय पर लोगों को दिशा-निर्देश देते रहे, जिससे पूरे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था सुचारू बनी रही और किसी प्रकार की अव्यवस्था देखने को नहीं मिली।
इस आयोजन का संचालन एसबीआई भीलवाड़ा के क्षेत्रीय प्रबंधक दीपेंद्र कुमार के निर्देशन में किया गया। मुख्य प्रबंधक धीरज शर्मा एवं नितिन सारोलिया की देखरेख में सहायक प्रबंधक गिरिधर सिंह ने पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर व्यवस्थाओं की कमान संभाली। गिरिधर सिंह स्वयं पूरे दिन उपस्थित रहकर ग्राहकों से संवाद करते रहे और व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करते रहे।
मेले में केवल खाताधारकों ही नहीं, बल्कि बिना खाते वाले आम नागरिकों को भी निर्धारित नियमों के तहत सुविधा प्रदान की गई, जिससे आमजन में संतोष और प्रसन्नता का वातावरण देखने को मिला। नोट प्राप्त करने के बाद कई नागरिकों ने बैंक की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक आवश्यकताओं को पूरा करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।
एक दिवसीय यह फ्रेश नोट एक्सचेंज मेला न केवल सफल रहा, बल्कि बैंक और आमजन के बीच विश्वास, सहयोग और सकारात्मक संवाद को भी और मजबूत करने वाला साबित हुआ। शहरवासियों ने RBI और SBI की इस पहल को सराहनीय कदम बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा व्यक्त की।
