Homeभीलवाड़ाRBI–PNB की पहल: नागौरी गार्डन शाखा में फ्रेश नोट एक्सचेंज मेला, छोटे...

RBI–PNB की पहल: नागौरी गार्डन शाखा में फ्रेश नोट एक्सचेंज मेला, छोटे नोट लेने उमड़ी शहरवासियों की भीड़

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा // मांगलिक एवं सामाजिक आयोजनों में छोटे मूल्य वर्ग के नए नोटों की बढ़ती मांग को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) एवं पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार, 11 फरवरी 2026 को पीएनबी की नागौरी गार्डन शाखा में एक दिवसीय “फ्रेश नोट एक्सचेंज मेला” आयोजित किया गया। इस विशेष अभियान में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सुबह से ही बैंक परिसर में लंबी कतारें देखने को मिलीं।
मेले के दौरान नागरिकों को 10, 20 और 50 रुपये के पुराने नोटों के बदले नए (फ्रेश) नोट उपलब्ध कराए गए। बैंक प्रशासन ने सुव्यवस्थित व्यवस्था के साथ अलग काउंटर बनाकर नोट वितरण की प्रक्रिया संचालित की। उल्लेखनीय बात यह रही कि सुविधा केवल खाताधारकों तक सीमित नहीं रही, बल्कि आम नागरिकों को भी निर्धारित नियमों के तहत नोट एक्सचेंज की सुविधा प्रदान की गई।
कार्यक्रम का संचालन चेस्ट ब्रांच हेड अशोक गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया। वहीं नागौरी गार्डन शाखा के ब्रांच हेड अर्पित कुमार सोमानी ने पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं की कमान संभाली और स्वयं मौजूद रहकर वितरण प्रक्रिया की निगरानी की। बैंक स्टाफ ने अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखते हुए लोगों को क्रमवार नए नोट वितरित किए।
दिनभर चले इस विशेष मेले में नागरिकों के चेहरों पर संतोष साफ झलकता रहा। कई लोगों ने बताया कि विवाह, धार्मिक कार्यक्रमों और अन्य मांगलिक अवसरों पर छोटे मूल्य वर्ग के नए नोटों की आवश्यकता रहती है, ऐसे में RBI और PNB की यह पहल बेहद उपयोगी साबित हुई।
एक दिवसीय “फ्रेश नोट एक्सचेंज मेला” ने न केवल आमजन की जरूरतों को पूरा किया, बल्कि बैंक और नागरिकों के बीच विश्वास व सहयोग की भावना को भी और सुदृढ़ किया। शहरवासियों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular