बानसूर। स्मार्ट हलचल|क्षेत्र की रामपुर ग्राम पंचायत में पिछले एक माह से सफाई व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे वार्डों में गंदगी फैल गई है। कचरे के ढेर और जाम नालियों के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि हर महीने करीब एक लाख रुपए खर्च होने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई काम नजर नहीं आ रहा। वार्ड नंबर 2 के राहुल जोशी ने बताया कि सफाई कर्मचारी लंबे समय से नहीं आए, जिससे हालात बिगड़ गए हैं। वहीं वार्ड 10 में भी कचरे के ढेर और दुर्गंध से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने चेतावनी दी है कि सुधार नहीं होने पर प्रदर्शन किया जाएगा। ग्राम विकास अधिकारी मदनलाल ने जल्द सफाई का आश्वासन दिया हैं।
