बानसूर।स्मार्ट हलचल|निकटवर्ती ग्राम नारोल रोड़ स्थित दुर्गा माता मंदिर परिसर में मंगलवार को एक मेले का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मेले के दौरान ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं के लिए मीठे जल की छबील भी लगाई। मेले का मुख्य आकर्षण कुश्ती दंगल रहा। इसमें पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों का मनोरंजन किया। देर शाम को अंतिम कामड़े की कुश्ती विकास पहलवान टोडियाकाबास और रवि पहलवान झज्जर के बीच हुई। यह कुश्ती बराबरी पर छूटी। मेला कमेटी ने दोनों पहलवानों को 31-31 सौ रुपए का पुरस्कार प्रदान किया। कामड़े की कुश्ती का पुरस्कार हर वर्ष की तरह इस बार भी राजू मीणा ने प्रदान किया। इस अवसर पर रमेश अंबावत, समाजसेवी छंगाराम सैनी, महेश प्रधान, कमल मीणा, राजू मीणा, बद्री मीणा, अरुण सैनी सहित मेला कमेटी के सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे।
