बलिया तुर्तीपार में मौत बनकर खड़ा पुल पिलर का सरिया गिरने से दो मजदूरों की दर्दनाक मौत

बलिया तुर्तीपार में मौत बनकर खड़ा पुल पिलर
का सरिया गिरने से दो मजदूरों की दर्दनाक मौत

लखनऊ।स्मार्ट हलचल|उत्तर-प्रदेश के बलिया जिले की उभांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सरयू नदी पर बन रहे करोड़ों की लागत से तुर्तीपार- भागलपुर निर्माणाधीन पक्का पुल पर बुधवार की सुबह एक हृदयविदारक हादसा उस समय हो गया जब पुल के पिलर पर लगे लोहे का सरिया और ढांचा अचानक मौत बनकर मजदूरों पर टूट पड़ा और चार मजदूर उसकी चपेट में आ गए, बेल्थरारोड क्षेत्र के तुर्तीपार पुल के पास खैरा-मधुबनी गांव के समीप यह घटना उस वक्त हुई जब मजदूर रोज की तरह अपने काम में लगे हुए थे और पिलर निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा था, तभी अचानक जोरदार आवाज के साथ लोहे का भारी ढांचा गिर गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई, देखते ही देखते चार मजदूर मलबे में दब गए और वहां मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई, आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया गया, जेसीबी मशीन की सहायता से मलबा हटाकर एक-एक कर मजदूरों को बाहर निकाला गया, सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद पप्पू (30) और अमित (30) निवासी लखीमपुर खीरी को मृत घोषित कर दिया, दोनों की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया, वहीं जुगल (27) निवासी पीलीभीत गंभीर रूप से घायल है जिसका इलाज जारी है जबकि एक अन्य मजदूर को हल्की चोटें आई हैं, घटना की सूचना मिलते ही उभांव थाना के प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेकर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी, हादसे के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया और पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया, इस दर्दनाक घटना पर प्रोजेक्ट मैनेजर आकाश पटेल ने गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि यह बेहद दु:खद घटना है, उन्होंने घायलों के समुचित इलाज की बात कही और परिजनों के प्रति सहानुभूति प्रकट की, सरयू किनारे का यह निर्माण स्थल जो विकास की नई उम्मीद बन रहा था वह पल भर में दर्द की कहानी बन गया, जो मजदूर कुछ देर पहले तक अपने काम में जुटे थे वही अचानक इस अनहोनी का शिकार हो गए, इस हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है जबकि घायलों का इलाज जारी है और आगे की आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है। उभांव पुलिस मृतक मजदूरों का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया। इस अनहोनी हृदय विदारक हादसे के बाद तुर्तीपार भागलपुर में सन्नाटा पसरा हुआ है।