किशनगढ़ में अवैध हथियार फैक्टरी का भंडाफोड़, पंचर की दुकान से चल रहा था खतरनाक खेल

(हरिप्रसाद शर्मा)

अजमेर/स्मार्ट हलचल|अजमेर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने वाली फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा खेल एक साधारण टायर पंचर की दुकान की आड़ में चल रहा था। पुलिस ने मौके से 5 अवैध हथियार सहित बड़ी मात्रा में हथियार बनाने का सामान बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं के तहत यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज राजेंद्र सिंह चौधरी के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. दीपक कुमार शर्मा के सुपरविजन में की गई। अभियान का नेतृत्व सीओ सिटी आईपीएस अजेय सिंह राठौड़ ने किया, जिनकी रणनीति से यह बड़ा खुलासा संभव हो सका।

पंचर की दुकान में बन रहे थे देशी हथियार
आईपीएस अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि आसूचना के आधार पर थाना बांदरसिंदरी क्षेत्र के ग्राम कांकनियावास में आरोपी मोहम्मद रोशन की पंचर की दुकान पर छापा मारा गया। तलाशी के दौरान दुकान के भीतर अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी संचालित होती पाई गई। पुलिस ने यहां से एक नवनिर्मित टोपीदार बंदूक, एक पुरानी बंदूक, तीन अर्धनिर्मित देशी कट्टे और पांच नाल सहित भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए।

मशीनें, बारूद और टूलकिट भी जब्त
मौके से ग्लेंडर, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, बारूद, सीसे के छर्रे और हथियार बनाने में काम आने वाले कई कलपुर्जे भी जब्त किए गए। पुलिस ने सभी सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपी को आर्म्स एक्ट की धाराओं सहित संगठित अपराध में गिरफ्तार किया है।

बीआरसी गैंग से जुड़े तार, जांच जारी
आईपीएस अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि जांच मे आरोपी का संबंध बीआरसी गैंग से सामने आया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों की सप्लाई कहां और किन लोगों तक की जा रही थी। नए आपराधिक कानून के तहत संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी गई हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

इस कार्रवाई में वृताधिकारी आयुष वशिष्ठ, थानाधिकारी दयाराम, एएसआई रोशन लाल, हेड कांस्टेबल राजूराम, सांवरलाल, कालूराम और करतार की अहम भूमिका रही। विशेष रूप से सांवरलाल और कालूराम का योगदान सराहनीय रहा, जिनकी सक्रियता से पूरी कार्रवाई सफल हो सकी।