दिल्ली में आयोजित होने वाले नेशनल टूर्नामेंट में राजस्थान टीम का करेंगे प्रतिनिधित्व
सूरौठ। स्मार्ट हलचल|ग्रामीण प्रतिभाओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यदि अवसर मिले तो वे आसमान छू सकती हैं। सूरौठ के बंजारों के नंगला स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में अध्ययनरत छात्र मनीष बंजारा का राष्ट्रीय विद्यालयी सॉफ्टबॉल खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चयन हुआ है। मनीष 14 वर्ष आयु वर्ग की सॉफ्टबॉल (छात्र/छात्रा) प्रतियोगिता में राजस्थान प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। स्कूल के प्रधानाध्यापक सुमेर सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता 16 अप्रैल से 22 अप्रैल तक दिल्ली के श्यागराज खेल स्टेडियम में आयोजित होगी। राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए 30 मार्च से 13 अप्रैल तक राजसमन्द जिले के सोनियाणा (कुम्भलगढ़) स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ी 14 अप्रैल को शिविर स्थल से सीधे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।मनीष का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर स्कूल परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी सोहन सिंह मीणा, व्याख्याता लक्ष्मण मित्तल, शारीरिक शिक्षक वीरेंद्र सिंह राजावत, राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र बाबा, जिला अध्यक्ष राजेश सहारिया, योगेंद्र सिंह, शमिंदर सिंह, गुरमीत सिंह, प्रशांत शर्मा, प्रधानाध्यापक सुमेर सिंह, सुमन लता यादव, आशा शर्मा, निक्की शर्मा, हेमलता सुमन, देवेंद्र शर्मा आदि ने नेशनल प्रतियोगिता के लिए चुने गए मनीष बंजारा का साफे व मालाएं पहनाकर सम्मान किया। बताया गया कि छात्र मनीष ने पिछले दिनों हनुमानगढ़ जिले में आयोजित हुई राज्य स्तरीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।
