बनेठा पंचायत की बड़ी लापरवाही: कचरे में भोजन ढूंढते गोवंश-ग्रामीणों में भारी आक्रोश,

 

* ग्राम विकास अधिकारी और ठेकेदार की अनदेखी से सफाई व्यवस्था चरमराई, बीमारियों का खतरा बढ़ा

शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा । स्मार्ट हलचल|उनियारा उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बनेठा में इन दिनों सफाई व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतरती नजर आ रही है। बनेठा कस्बा सहित ग्रामीण इलाके में कचरे का नियमित उठाव नहीं होने से जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जहां गोवंश और अन्य पशु खाने को मजबूर हैं। कचरे में पड़ी प्लास्टिक और गंदगी के कारण पशुओं की जान पर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम विकास अधिकारी और सफाई ठेकेदार की लापरवाही के चलते यह स्थिति बनी हुई है। गांव में स्थायी डंपिंग यार्ड की व्यवस्था नहीं होने के कारण कचरा खुले में डाला जा रहा है, जिससे न केवल वातावरण प्रदूषित हो रहा है बल्कि आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कचरे के ढेर बढ़ने से क्षेत्र में बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों और गौ सेवकों ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्वच्छता अभियान के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हो रही है। पंचायत प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।यह पूरा मामला ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।