सुवाणा में बुलेट के मॉडिफाइड साइलेंसर के पटाखे के शोर से डरी बच्ची, टोकने पर पिता पर दबंगों ने चाकू से किया हमला

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा । शहर के नजदीकी गांव सुवाणा में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें कानून और खाकी का कोई खौफ नहीं रह गया है। महज़ बुलेट से पटाखे फोड़ने और शोर मचाने से रोकने पर दबंगों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है।

घटना सुवाणा के भांभी मोहल्ले की है। पीड़ित छगनलाल (35) पुत्र हेमराज बुनकर ने अस्पताल में बताया कि गुरुवार रात वह अपने घर में था, तभी गांव के ही दो लड़के बुलेट लेकर आए और घर के सामने कानफोडू धमाके (साइलेंसर से पटाखे) करने लगे। तेज आवाजों से घर में मौजूद मेरी बच्ची हिमांशी बुरी तरह सहम गई और रोने लगी। जब छगनलाल ने बाहर निकलकर शालीनता से उन्हें शोर न करने को कहा, तो आरोपी गाली-गलौज और जातिगत अपमान करने पर उतारू हो गए।

*सरेआम चाकूबाजी और हमलवार फरार*

विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी पवन जाट ने तैश में आकर छगनलाल के घुटने पर चाकू से गहरा वार कर दिया। लहूलुहान हालत में छगनलाल जमीन पर गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है।

*पुलिस ने दर्ज की FIR, तलाश जारी*

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस दीवान जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर मुख्य आरोपी पवन जाट और उसके साथी पिंटू उर्फ शुभम के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है ।