हाईवे पर मौत का तांडव: तेज रफ्तार कार ने छीनी दो जिंदगियां-शादी से लौट रहे दोस्तों की मौके पर मौत

– एक ही गांव के दो युवकों की दर्दनाक मौत-खुशियां मातम में बदली,बाइक-कार की भीषण टक्कर-रात के अंधेरे में बुझ गए दो चिराग

शिवराज बारवाल मीना
टोंक । स्मार्ट हलचल|टोंक जिले में उनियारा सर्किल के अलीगढ़ थाना क्षेत्र में गुरूवार-शुक्रवार मध्य रात्रि को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार का कहर दो जिंदगियों पर भारी पड़ गया।
टोंक-सवाई माधोपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-552 पर चापोला बालाजी और ग्लोबल आईटीआई के बीच शुक्रवार देर मध्य रात समय 12:10 बजे करीब एक तेज रफ्तार सफेद स्विफ्ट कार और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह चकनाचूर हो गए।हादसे में बाइक सवार ओमप्रकाश गुर्जर (22) पुत्र बालू गुर्जर और पीछे बैठे देशराज गुर्जर (27) पुत्र प्रहलाद गुर्जर, निवासी कुम्हारिया थाना चौथ का बरवाड़ा (जिला सवाई माधोपुर) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। घर की खुशियों तक पहुंचने से पहले ही सड़क पर मौत ने उन्हें अपने आगोश में ले लिया। सूचना मिलते ही अलीगढ़ थाना पुलिस के सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल रेगर मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और शवों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगढ़ की मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार सुबह परिजनों को सूचना देकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद कार सवार कार को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। घटना के मौके पर मौजूद कार नंबर (एचआर 87 एस 8173) जो कि एसडीएम बड़खल आरटीओ जिला फरीदाबाद (हरियाणा) क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया है तथा मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद कुम्हारिया गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही गांव के दो युवकों की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।