कोटा, 23 मार्च। स्मार्ट हलचल|कोटा जिले के सिमलिया क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, रेलगाँव में कोरोमंडल इंटरनेशनल लिमिटेड द्वारा 1000 लीटर क्षमता का अत्याधुनिक रिवर्स ऑस्मोसिस (RO) जल शुद्धिकरण संयंत्र स्थापित किया गया। क्षेत्र में पेयजल का TDS स्तर लगभग 1650 होने के कारण पानी पीने योग्य नहीं था, जिससे विद्यालय के विद्यार्थियों तथा आसपास के ग्रामीणों को लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
कंपनी के जनरल मैनेजर भरत सिंह द्वारा विधिवत RO प्लांट का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर एरिया सेल्स मैनेजर प्रशांत, मैनेजर संतोष चौधरी, कृषि विशेषज्ञ सूर्यप्रताप सिंह तथा कंपनी के अधिकृत विक्रेता मै. कोटा रिफैक्ट्रीज के मालिक नरेंद्र पटेल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला (ड्रॉइंग) एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
इस पहल से अब विद्यालय के बच्चों तथा आसपास के ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। स्थापित RO प्लांट उच्च TDS युक्त पानी को शुद्ध कर पीने योग्य बनाएगा, जिससे जलजनित एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में कमी आने की संभावना है।
कोरोमंडल इंटरनेशनल लिमिटेड समय-समय पर किसानों एवं ग्रामीण समुदाय के कल्याण के लिए विभिन्न सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करती रही है। इसी क्रम में यह पहल न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे गांव के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।
स्थानीय ग्रामीणों एवं विद्यालय स्टाफ ने कंपनी के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
