जोगणिया माता दरबार में उमड़ा जनसैलाब: दुर्गाष्टमी पर 2.5 लाख भक्तों ने किए दर्शन, महायज्ञ संपन्न

शिव लाल जांगिड़

लाडपुरा|स्मार्ट हलचल प्रसिद्ध जोगणिया माता शक्तिपीठ पर चैत्र नवरात्रि में आस्था का विहंगम दृश्य देखने को मिला। दुर्गाष्टमी पर लगभग ढाई लाख श्रद्धालुओं ने मातेश्वरी के दर्शन कर मन्नतें मांगीं, वहीं नवमी के दिन पंचकुंडीय शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ नवदिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुए।

विकास कार्यों की दी गई जानकारी, 80G को मिली मंजूरी

संस्थान के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मंदिर प्रांगण में चल रहे नवग्रह नक्षत्र वाटिका, गौशाला और वेद विद्यालय जैसे विकास कार्यों की प्रगति साझा की। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि आयकर विभाग द्वारा संस्थान को 80G की स्वीकृति मिल गई है, जिससे दानदाताओं को कर में छूट मिलेगी। मंच संचालन के बीच स्व. बाबूजी भंवरलाल जोशी को श्रद्धांजलि दी गई।

मोइनुद्दीन मनचला व जगदीश वैष्णव के भजनों पर झूमे भक्त

  • गायक जगदीश वैष्णव ने माता और बालाजी के भजनों से शुरुआत की।
  • मोइनुद्दीन मनचला के ‘चौसठ जोगणिया रे’ और ‘राम आएंगे’ ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय कर दिया।
  • कृष्णा इवेंट की ओर से शेरावाली माता और आदिवासी संस्कृति की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं।

बूंदी महाराव ने दी महायज्ञ में आहुति

नवमी के दिन आयोजित महायज्ञ की पूर्णाहुति में बूंदी के महाराव राजा वंशवर्धन सिंह सपरिवार शामिल हुए। इस दौरान बेगूं DYSP अंजलि सिंह, महंत राममुनि जी महाराज, पंडित कैलाशचंद शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। नवरात्रि भर वेद विद्यालय के बटुकों द्वारा सवा पांच लाख नवार्ण महामंत्र का जप और देवी भागवत पारायण किया गया।