शिवराज बारवाल मीना
टोंक । स्मार्ट हलचल|केन्द्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड टोंक के प्रबंध निदेशक सी.एल. बुनकर ने बताया कि ग्राम सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से खरीफ 2025 में 88 हजार 798 किसानों को 309 करोड़ 11 लाख 29 हजार रूपये का ऋण वितरण किया गया था। इस ऋण की अदायगी 31 मार्च 2026 तक निर्धारित है। उन्होंने बताया कि ऋण की ब्याज दर 7 प्रतिशत है किन्तु निर्धारित तिथि तक ऋण जमा करवाये जाने पर कृषक से कोई ब्याज नही लिया जाता है। यह ब्याज दर 4 प्रतिशत राज्य सरकार एवं 3 प्रतिशत केन्द्र सरकार द्वारा वहन की जाती है। इसी के तहत ऋण की ब्याज दर निर्धारित तिथि तक जमा करवाये जाने वाले कृषकों के लिये शून्य है। इसके बाद ऋण जमा कराये जाने पर ऋण अवधिपार हो जायेगा और ऋणी सदस्य को ब्याज मुक्त फसली ऋण का लाभ नही मिल पायेगा। वर्तमान में जिले की ग्राम सेवा सहकारी समितियों के व्यवस्थापकों द्वारा कार्य बहिष्कार किये जाने के कारण ग्राम सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से ऋण जमा नही हो पा रहा है। खरीफ 2025 में वितरित ऋणों के विरूद्ध 22 हजार 345 ऋणी सदस्यों में 75 करोड़ 9 लाख 98 हजार रूपये बकाया चल रहे है। ऋणी सदस्य ब्याज मुक्त फसली ऋण का लाभ लिये जाने के लिए केन्द्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड टोंक की संबंधित शाखा में उपस्थित होकर अपना ऋण निर्धारित तिथि तक जमा करावें।
