अनिल कुमार
स्मार्ट हलचल|ब्यावर जयपुर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग द्वारा जयपुर के शहीद मार्ग पर बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडरों के बढ़ते दामों के खिलाफ विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के दिशा-निर्देशन और अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एम.डी. चोपदार की अगुवाई में आयोजित इस प्रदर्शन में ब्यावर जिले से प्रदेश कॉर्डिनेटर ऋषि लाम्बा, प्रदेश सचिव शाकिर कुरैशी और मजीद कुरैशी ने प्रमुखता से भाग लिया।
*आमजन का बजट बिगड़ा:*
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों पर जमकर प्रहार किया। वक्ताओं ने कहा कि रसोई गैस के दामों में बेतहाशा वृद्धि और कमर्शियल सिलेंडरों की कमी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। विशेष रूप से महिलाओं का गृहस्थी चलाना दूभर हो गया है।
*आंदोलन की चेतावनी:*
अल्पसंख्यक विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया कि “रसोई की आग अब आंदोलन बन चुकी है।” जब तक सरकार कीमतों में कमी कर राहत प्रदान नहीं करती, कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर जनता के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे। इस दौरान सेवादल अध्यक्ष हेमसिंह शेखावत, पूर्व मंत्री नसीम अख्तर, विधायक गंगा देवी और जयपुर जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।
