विप्र फाउंडेशन ने किया लोक अभियोजकों का भव्य सम्मान ,एडवोकेट राजेश शर्मा कर्नल बोले— अधिवक्ताओं के अधिकारों की रक्षा मेरी प्राथमिकता

भीलवाड़ा। ब्राह्मण समाज के वैश्विक संगठन विप्र फाउंडेशन द्वारा समाज उत्थान की दिशा में एक और सराहनीय पहल करते हुए लोक अभियोजकों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कोटा रोड स्थित एक निजी रिसोर्ट में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में विप्र फाउंडेशन जोन-1 के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व बार एसोसिएशन जयपुर अध्यक्ष एडवोकेट राजेश शर्मा कर्नल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ब्राह्मण समाज के आराध्य देव भगवान परशुराम जी की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। समारोह की अध्यक्षता बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष राजेश शर्मा ने की। जिला महामंत्री डॉ. लोकेश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि विप्र फाउंडेशन पिछले 15 वर्षों से समाजहित में निरंतर सक्रिय रहते हुए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन करता आ रहा है। इस अवसर पर एडवोकेट अनुराग आचार्य, एडवोकेट अनिल शुक्ला एवं एडवोकेट दिनेश जोशी के लोक अभियोजक बनने पर उन्हें मेवाड़ी पगड़ी एवं अपर्णा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि एडवोकेट राजेश शर्मा कर्नल ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि हर अधिवक्ता—चाहे वह नया हो या अनुभवी—उसे समान अवसर, आधुनिक सुविधाएं और न्यायसंगत वातावरण मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के आगामी चुनाव में प्रथम वरीयता के उम्मीदवार के रूप में अपने पक्ष में समर्थन की अपील भी की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लोकेश तिवारी द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया, जिसने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया। अंत में संगठन के विधिक सलाहकार नीरज पराशर ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान विप्र फाउंडेशन के प्रदेश महामंत्री दिनेश शर्मा, जिलाध्यक्ष तुलसीराम शर्मा सहित संगठन के पदाधिकारी, अधिवक्तागण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।