घंटों इंतजार करते रहे किसान, नाराज ग्रामीणों ने जताया विरोध
स्मार्ट हलचल|जहाजपुर उपखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत बाकरा में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कैंप प्रशासनिक लापरवाही की भेंट चढ़ गया। निर्धारित समय पर अधिकारी नहीं पहुंचने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उपखंड अधिकारी के आदेशानुसार शुक्रवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक फार्मर रजिस्ट्री कैंप आयोजित किया जाना था, लेकिन दोपहर एक बजे तक भी कैंप स्थल पर कोई अधिकारी या कर्मचारी नहीं पहुंचा।
दूर-दराज से आए किसान अपने कार्य के लिए घंटों पंचायत के चक्कर काटते रहे, लेकिन कैंप केवल कागजों तक ही सीमित नजर आया। इससे किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें बिना वजह परेशान होना पड़ा और उनके जरूरी कार्य अधूरे रह गए।
पूर्व सरपंच राकेश कुमार खटीक और प्रशासक प्रतिनिधि वीरेंद्र मीना ने इस मामले को गंभीर बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस दौरान सत्यनारायण सेन, जेपी सालवी, इंद्रराज मीना, रघुनाथ गुर्जर सहित कई ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।
