बड़ा काबरा में ”एक शाम झांतला माता के नाम” विशाल भजन संध्या व मेले का होगा आयोजन

मंगरोप@मुकेश खटीक।क्षेत्र के बड़ा काबरा गांव स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ झांतला माता धाम में सोमवार को“एक शाम झांतला मैय्या के नाम” विशाल भजन संध्या का भव्य आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।आयोजन समिति सदस्य गोपीलाल कुमावत ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार सुबह 9 बजे माता जी की विशाल शोभायात्रा से होगी।यह शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से होती हुई दोपहर 3 बजे पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी।इसके बाद विधिवत महाआरती का आयोजन किया जाएगा तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को भोजन प्रसाद वितरित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि दोपहर 4:15 बजे गांव के प्रबुद्धजनों एवं मंदिर समिति के पदाधिकारियों की उपस्थिति में माता जी का दानपात्र खोला जाएगा।हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी झांतला माता मंदिर परिसर में भव्य मेले का आयोजन होगा।जिसमें आसपास के गांवों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।मेला सुबह 4 बजे तक लगेगा।कार्यक्रम के तहत शाम करीब 8 बजे विशाल भजन संध्या आयोजित होगी,जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक जगदीश वैष्णव,हेमलता वैष्णव एवं नारायण मेघवंशी अपनी मधुर आवाज में भक्ति रस से सराबोर प्रस्तुतियां देंगे।आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में पहुंचकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया है।