मेजा बांध में दर्दनाक हादसा, नहाते समय डूबे मामा-भांजा, 1 घंटे की मशक्कत के बाद निकाले शव

प्रभुलाल लोहार

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|जिले के मांडल क्षेत्र के निकट मेजा बांध में रविवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। बांध में नहाने गए मामा-भांजा अचानक गहरे पानी में फंस गए और देखते ही देखते दोनों पानी में डूब गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान डालचंद पिता भगवान लाल विशनोई (उम्र 25 वर्ष) तथा उसके भांजे भेरूलाल पिता कैलाश बिश्नोई (उम्र 10 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों मेजा बांध में नहाने उतरे थे। इसी दौरान पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने से वे अचानक गहरे पानी में चले गए और बाहर निकलने के लिए संघर्ष करने लगे।
चीख-पुकार सुन खेतों से दौड़े लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही बांध के पास से चिल्लाने और बचाने की आवाजें आईं, आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। कुछ ही देर में दोनों पानी में समा गए।
गोताखोरों ने 1 घंटे बाद निकाले शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंचा। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने बांध के गहरे पानी में उतरकर दोनों के शव बाहर निकाले। शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
परिजनों में मचा कोहराम, गांव में शोक
मामा-भांजे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास होकर मौके पर पहुंचे और रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। हादसे के बाद पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।