बी एम राठौर
सांगोद 30 मार्च।स्मार्ट हलचल|राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सोमवार को सांगोद विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय प्रवास के दौरान क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की महत्वपूर्ण सौगात दी। सांगोद पंचायत समिति परिसर में आयोजित समारोह के दौरान मंत्री नागर ने विभिन्न ग्राम पंचायतों के लिए स्वीकृत और पूर्ण हो चुके लगभग 17 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के विकास कार्यों का विधिवत लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में मुख्य रूप से सड़क कनेक्टिविटी, सामुदायिक भवन और पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। जो ग्रामीण जीवन के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेंगे।
समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने जनता के प्रति अपनी जवाबदेही को सर्वोपरि बताया। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि का मूल कर्तव्य जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है। हमारी सरकार का संकल्प है कि विकास की किरण समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुँचे। जनता के अभावों को दूर करना और उनके हर छोटे-बड़े कार्य की चिंता करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से आह्वान करते हुए कहा कि ‘परिश्रम की पराकाष्ठा’ करें। हमें मिलकर एक ऐसा सांगोद बनाना है, जहाँ सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए किसी को भटकना न पड़े। खेतों के सुगम रास्तों से लेकर गांवों की इंटरलॉकिंग सड़कों तक, हर काम को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाएगा।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे कोटा जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल ने कहा कि ऊर्जा मंत्री के नेतृत्व में सांगोद विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
विकास कार्यों के तकनीकी और प्रशासनिक विवरण पर प्रकाश डालते हुए उप प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं ने बताया कि राज्य वित्त आयोग के माध्यम से दर्जनों महत्वपूर्ण कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। इन परियोजनाओं में ग्राम पंचायत खड़िया के गेहूँखेड़ी में श्मशान मार्ग पर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण, गुरायता और अमृतकुआं में सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार, तथा आँवा में चिकित्सा केंद्र का सुदृढ़ीकरण शामिल है। इसके अतिरिक्त, ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गांवों में नए हैंडपंपों की स्थापना जैसे जनहितकारी प्रोजेक्ट्स का भी लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन उप प्रधान ओम नागर अडूसा द्वारा किया गया। इस अवसर पर सहकारी क्रय विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष ओम मेहता, जिला महामंत्री नंदकिशोर मालव, एसटी मोर्चा के अध्यक्ष धनराज मीणा, मण्डल अध्यक्ष मुरारी मेहता, चंद्रप्रकाश सोनी, सत्यवान नागर, हरिमोहन नागर, राजेन्द्र शर्मा, जगदीश शर्मा सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, एवं विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में ऊर्जा मंत्री ने जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की बिजली, सड़क और पानी से जुड़ी समस्याओं को सुना और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
