प्रभुलाल लोहार
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|सांगानेरी गेट पेट्रोल पंप के पास शराब ठेके के गेट के निकट बिजली के मीटरों के पास खुले तार और अव्यवस्थित वायरिंग लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गई है। मौके पर कई बिजली के तार खुले पड़े हैं, जिससे हर समय करंट फैलने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका काफी व्यस्त रहता है, यहां दिनभर यात्रियों, राहगीरों और दुकानदारों की आवाजाही बनी रहती है। साथ ही पास में शराब का ठेका होने के कारण कई बार लोग अधिक नशे की हालत में रहते हैं। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति नशे में अनजाने में खुले तारों या मीटर के पास लगे कनेक्शन को छू ले तो वह करंट की चपेट में आ सकता है और उसकी जान भी जा सकती है।
लोगों ने बताया कि कुछ समय पहले इसी स्थान पर एक व्यक्ति करंट की चपेट में आ गया था, हालांकि समय रहते उपचार मिलने से उसकी जान बच गई। इसके बावजूद बिजली विभाग द्वारा अब तक तारों को सुरक्षित करने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग से मांग की है कि तुरंत मौके पर टीम भेजकर खुले तारों को सही किया जाए, मीटरों को सुरक्षित कवर में लगाया जाए तथा क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।
