39 किलो अफीम डोडा चूरा के साथ तस्कर गिरफ्तार, अल्टो कार जब्त

|भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|जिले के शक्करगढ़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 39 किलो 920 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार को भी जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्करगढ़ थाना पुलिस द्वारा नाकाबंदी की जा रही थी। इस दौरान एक अल्टो कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर वाहन को पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अफीम डोडा चूरा मिला। पूछताछ में आरोपी की पहचान जैसल कुमार (29) निवासी रायसिंहपुरा, थाना थमांडलगढ़ के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थ की सप्लाई कहां से और कहां की जानी थी।