सूरौठ। स्मार्ट हलचल|क्षेत्र के किसानों की बैठक गुरुवार को कस्बे में बयाना मार्ग स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले आश्रम में आयोजित की गई। बैठक में किसानों ने भारत सरकार की ओर से अमेरिका से कृषि के क्षेत्र में किए गए समझौते का विरोध जताया। किसानों ने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। सामाजिक कार्यकर्ता भगवान सिंह मीणा भुकरावली ने बताया कि क्षेत्र के काफी किसान दोपहर में यहां महात्मा ज्योतिबा फुले आश्रम में एकत्रित हुए तथा अमेरिका से किए गए कृषि समझौते का विरोध जताया। किसानों ने बताया कि भारत और अमेरिका के समझौते से कृषि क्षेत्र में विदेशी खाद्य पदार्थ भारत में सस्ती कीमत पर आने लगेंगे जिससे भारतीय किसानों के खाद्य उत्पादों पर बुरा असर पड़ेगा। भारत में 70% आबादी खेती पर निर्भर है और यहां अधिकतर लघु सीमांत कृषक हैं। छोटे किसानों पर इसका बुरा प्रभाव पड़ेगा। साथ में मिलने वाली सब्सिडी भी कम हो जाएगी। किसानों ने भारत सरकार से समझौते को रद्द करने की मांग की।
