अनिल कुमार
*”संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ” जिला सम्मेलन 2 अप्रैल को; ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में सौंपी गई जिम्मेदारियां*
*ब्लॉक अध्यक्ष अजय शर्मा बोले- जनविरोधी ताकतों के खिलाफ ब्यावर की धरा से होगा बड़ा ऐलान*
ब्यावर | स्मार्ट हलचल|राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा एवं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के आगामी 2 अप्रैल को ब्यावर आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। प्रस्तावित “संगठन बढ़ाओ – लोकतंत्र बचाओ” विशाल जिला स्तरीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रविवार को सातपुलिया स्थित केसरीनन्दन गार्डन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
*कार्यकर्ताओं में भरा जोश*
बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना हर कांग्रेस जन का मुख्य कर्तव्य है। उन्होंने 2 अप्रैल के सम्मेलन को जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ एक बड़ा ‘शंखनाद’ करार दिया। शर्मा ने सम्मेलन की सफलता के लिए अलग-अलग कमेटियों (स्वागत, आवास, भोजन, रैली प्रबंधन) का गठन कर पदाधिकारियों को विशिष्ट उत्तरदायित्व सौंपे।
दिग्गज नेताओं ने भरी हुंकार
बैठक में पीसीसी सदस्य पारस पंच ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताते हुए एकजुट होने का आह्वान किया। कपासन प्रभारी आशिषपाल पदावत ने कहा कि ब्यावर हमेशा से कांग्रेस की मजबूती का केंद्र रहा है और 2 अप्रैल का जनसैलाब विपक्ष की नींद उड़ा देगा।
*इन नेताओं ने भी साझा किए विचार:*
सेवादल जिलाध्यक्ष विक्रम सोनी, कल्पना भटनागर और नगर अध्यक्ष भरत बाघमार ने वार्ड स्तर पर जनसंपर्क की रणनीति बनाई।
पूर्व सभापति मुकेश सोलंकी, शांति डाबला और पूर्व प्रधान लाल मोहम्मद ने ग्रामीण क्षेत्रों से अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वरिष्ठ नेता दिनेश शर्मा, ओमप्रकाश मिश्रा और डॉ. एससी जैन ने बूथ स्तर की तैयारियों का खाका पेश किया।
*विशिष्ट कमेटियों का गठन*
जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी के निर्देशों के अनुसार, ब्यावर विधानसभा के प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तय की गई है। बैठक में सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने भी अपनी तैयारियों की जानकारी साझा की। बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें सभी ने एकजुट होकर सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
