बेमाली चौराहे पर दो ट्रेवल्स बसों की आमने-सामने भिड़ंत, बड़ा हादसा टला

रोहित सोनी
करेड़ा । भीलवाड़ा जिले के करेड़ा क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है, जहां करेड़ा-आसींद मार्ग पर स्थित बेमाली चौराहे पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सूरत, वापी और बारडोली की ओर जा रही दो निजी ट्रेवल्स बसों—धनोप ट्रैवल्स और हरिओम ट्रैवल्स—के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली है। घटना के तुरंत बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही करेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए यातायात को सुचारु करवाने में जुट गई।
हादसे के बाद दोनों बसों के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा उनकी पहचान और तलाश के प्रयास जारी हैं। जानकारी के अनुसार हरिओम ट्रैवल्स आसींद से मालास, चंद्रास और बेमाली होते हुए सूरत के लिए संचालित होती है, जबकि धनोप ट्रैवल्स बेमाली, चंद्रास और बागोर मार्ग से सूरत के लिए जाती है। घटना के बाद पुलिस प्रशासन और ट्रेवल्स बुकिंग एजेंसियों ने मिलकर यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने की वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है। फिलहाल इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।