बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहे गैस सिलेंडर, उपभोक्ताओं ने कालाबाजारी का लगाया आरोप

खखरेरू /फतेहपुर| स्मार्ट हलचल|क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गैस बुकिंग के एक सप्ताह बाद भी सिलेंडर न मिलने से लोग परेशान हैं। उपभोक्ताओं ने स्टॉक की कमी का हवाला देकर कालाबाजारी किए जाने का आरोप लगाया है।
पनिहा बाबा के पास स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर सुबह से देर रात तक उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी रहती हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को बिना सिलेंडर लौटना पड़ रहा है।

खैरई गांव निवासी राममिलन ने बताया कि उन्होंने एक सप्ताह पहले गैस बुकिंग कराई थी। सिलेंडर लेने एजेंसी पहुंचे तो कर्मचारियों ने बताया कि सिलेंडर पहले ही डिलीवर किया जा चुका है। जबकि वह सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक लाइन में लगे रहे, फिर भी सिलेंडर नहीं मिला।

पौली गांव की प्रीति देवी ने बताया कि उन्होंने भी एक सप्ताह पहले गैस बुकिंग कराई थी। वह दोपहर एक बजे एजेंसी पहुंचीं, जहां ओटीपी लेने के बाद भी रात आठ बजे तक उन्हें सिलेंडर नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि पति बाहर मजदूरी करते हैं और छोटे बच्चों को घर पर छोड़कर गैस लेने आई थीं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।

लाइन में खड़े अन्य उपभोक्ताओं ने भी तीन-चार दिन से सिलेंडर न मिलने की शिकायत की। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की