चंचल चौरसिया ने 12वीं बोर्ड में 96.20% अंक लाकर जिले का बढ़ाया मान, प्रशासनिक अधिकारी बनने का सपना

हरनावदाशाहजी की बेटी ने रचा इतिहास

 

संजय चौरसिया
हरनावदाशाहजी।स्मार्ट हलचल|छोटे कस्बे की बेटियां अब बड़े मुकाम हासिल कर रही हैं। इसका ताजा उदाहरण हरनावदाशाहजी की होनहार छात्रा चंचल चौरसिया ने पेश किया है। चंचल ने राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं परीक्षा में 96.20 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र और बारां जिले का नाम रोशन कर दिया है।
ग्राम पंचायत के सामने निवासी सुरेश चंद चौरसिया की पुत्री चंचल की इस शानदार उपलब्धि से पूरे कस्बे में खुशी की लहर है। चंचल की सफलता ने यह साबित कर दिया कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी ऊंचाई पाना मुश्किल नहीं।
ज्ञान भारती बाल निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। चंचल चौरसिया ने विद्यालय का नाम रोशन करते हुए पूरे जिले में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनका सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है।
चंचल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत रहा।
स्कूल के अन्य विद्यार्थियों ने भी दिखाया दम
इस सफलता की कड़ी में अन्य विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। छात्रा चित्रा नगर ने 94.00 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, वहीं छात्र योगेंद्र मेवाड़ा ने 93.80 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। छात्रा डोलीक्षा चौरसिया ने भी 93.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
बेटियां बन रही हैं प्रेरणा
हरनावदाशाहजी के इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की सफलता आज पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। खासकर बेटियों की इस उपलब्धि ने समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया है कि वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उनकी यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।