गर्मी में किफायती और स्वादिष्ट विकल्प, लॉन्चिंग के साथ ही जबरदस्त मांग
संभागीय आयुक्त ने सरस डेयरी प्लांट का किया निरीक्षण,गुणवत्ता और स्वच्छता उच्च मानकों जताया संतोष
कोटा। स्मार्ट हलचल|भीषण गर्मी के बीच उपभोक्ताओं को राहत और स्वाद का नया विकल्प देते हुए कोटा सरस डेयरी ने 50 ग्राम पैक में मेंगो फ्लेवर श्रीखण्ड का शुभारंभ किया। इस नए उत्पाद का लोकार्पण कोटा संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने किया।
डेयरी अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने बताया कि कोचिंग विद्यार्थियों और आमजन के बीच किए गए सर्वे में मेंगो श्रीखण्ड की मांग प्रमुख रूप से सामने आई थी। इसी के आधार पर डेयरी ने यह किफायती और सुविधाजनक पैक तैयार किया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि सरस डेयरी नवाचार और उपभोक्ता जरूरतों के अनुरूप उत्पाद देने के लिए जानी जाती है।
संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने लॉन्चिंग की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में यह उत्पाद उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी और आकर्षक विकल्प साबित होगा। उन्होंने इसकी शहरभर में सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर डेयरी के प्रबंध संचालक दिलखुश मीणा, प्लांट अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
राठौड़ ने बताया कि लॉन्चिंग के साथ ही 700 से अधिक पैक्स की मांग प्राप्त हो चुकी है, जो उत्पाद की लोकप्रियता का संकेत है। मांग को देखते हुए शीघ्र ही मोबाइल वैन के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
सरस डेयरी में 50 ग्राम श्रीखण्ड (मेंगो फ्लेवर) के शुभारंभ के उपरान्त संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने डेयरी प्लांट परिसर का विस्तृत निरीक्षण कर दुग्ध प्रसंस्करण व्यवस्था एवं गुणवत्ता मानकों का जायजा लिया।
डेयरी अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बीएमसी (बल्क मिल्क कूलर) से दूध संग्रहण, टैंकरों के माध्यम से प्लांट तक आपूर्ति तथा प्लांट में होने वाली प्रोसेसिंग की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझा। उन्होंने गुणवत्ता जांच के विभिन्न चरणों—फैट एवं एसएनएफ परीक्षण, शुद्धता की जांच और स्वच्छता मानकों—का भी अवलोकन किया।
आयुक्त को कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की कार्यप्रणाली के अंतर्गत दुग्ध संग्रहण से लेकर अंतिम उत्पाद के विपणन तक की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इस दौरान घी प्रोसेसिंग यूनिट, फ्लेवर मिल्क निर्माण सहित अन्य उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि डेयरी द्वारा गुणवत्ता और स्वच्छता के उच्च मानकों का पालन सराहनीय है तथा उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित उत्पाद उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर डेयरी के प्रबंध संचालक दिलखुश मीणा, प्लांट अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। इससे पूर्व संभागीय आयुक्त ने डेयरी परिसर में मौजूद दुग्धेश्वर महादेव मंदिर में अभिषेक भी किया।
