भगवती अकादमी बोहेड़ा ने रचा इतिहास, 12 वीं बोर्ड में शत-प्रतिशत परिणाम

 

सभी 96 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण, 16 ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए

बन्शीलाल धाकड़

बड़ीसादड़ी।स्मार्ट हलचल|राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की 12वीं बोर्ड परीक्षा में भगवती अकादमी उच्च माध्यमिक विद्यालय, बोहेड़ा ने शानदार सफलता का नया इतिहास रच दिया। विज्ञान, कला और वाणिज्य — तीनों संकायों में विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। परीक्षा में सम्मिलित सभी 96 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त कर विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। विद्यालय की इस अभूतपूर्व उपलब्धि से बोहेड़ा सहित आस – पास के क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के विश्वास ने इस सफलता को गौरवपूर्ण उपलब्धि में बदल दिया। विज्ञान वर्ग में छात्राओं का दबदबा। विज्ञान वर्ग में भारती धाकड़ ने 96.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। दीपिका सालवी ने 95.80 प्रतिशत के साथ द्वितीय, पूजा मेनारिया ने 95 प्रतिशत के साथ तृतीय तथा दीपक शर्मा ने 94.60 प्रतिशत अंकों के साथ चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। कला वर्ग में भी शानदार प्रदर्शन। कला वर्ग में तारा धाकड़ ने 93.40 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि माया मेनारिया ने 92.20 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय की उपलब्धि में चार चांद लगा दिए। वाणिज्य वर्ग में भी उत्कृष्ट सफलता। वाणिज्य वर्ग में हर्षित कुमार जोशी ने 85.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं रिधिमा झाला ने 83.60 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश कुमार शर्मा ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों के अनुशासन, नियमित अध्ययन और शिक्षकों की सतत मेहनत को दिया। उन्होंने बताया कि कुल 16 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जो विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था का प्रमाण है। भगवती शिक्षण संस्थान के मुख्य प्रबंध निदेशक जगदीश चंद्र सुथार ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से मिलती है। हमारे विद्यार्थियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि मेहनत सच्चे मन से की जाए तो सफलता स्वयं कदम चूमती है। यह परिणाम उनके सपनों, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के विश्वास की संयुक्त जीत है। हमें विश्वास है कि यही विद्यार्थी भविष्य में समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने अभिभावकों को भी इस सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।