भैरू चौधरी
कोटड़ी । स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा जिले के बडलियास थाना क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। थाना अधिकारी मुन्नी राम चोयल के नेतृत्व में जिला स्पेशल टीम के साथ संयुक्त रूप से चलाए गए अभियान के तहत पिछले कुछ समय में प्रभावी परिणाम सामने आए हैं।इस दौरान पुलिस ने कुल 25 प्रकरण दर्ज किए, वहीं 51 वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों में 31 ट्रैक्टर, 9 डम्पर, 4 ट्रेलर और 7 जेसीबी मशीनें शामिल हैं। यह कार्रवाई अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ एक बड़ा संदेश मानी जा रही है। थाना प्रभारी व पुलिस कर्मियों द्वारा अवैध बजरी खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा टीमों द्वारा क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्रवाई की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिह यादव के निर्देश के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इसके साथ ही थाना पुलिस द्वारा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुराने प्रकरणों के निस्तारण, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश और विभिन्न वारदातों के खुलासे में भी पुलिस को सफलता मिली है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है!स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगेगी और आमजन को राहत मिलेगी।पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।
