जवाहर नवोदय विद्यालय, में मनाया गया वार्षिकोत्सव

बूंदी-स्मार्ट हलचल|पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सीतापुरा, जिला-बूंदी में सत्र 2025-26 के समापन के अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा वार्षिकोत्सव कार्यक्रम मनाया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक धनराज मीणा एवं राजेन्द्र कुमार व्यास, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी बूंदी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विद्यालय के प्राचार्य राजेन्द्र प्रसाद मीना ने बताया कि इस अवसर पर विद्यालय में पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय स्तर पर विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसमें पाठ्य सहगामी गतिविधियों, खेलकूद गतिविधि, शैक्षणिक उत्कृष्टता गतिविधि, कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, विद्यालय स्तर पर भाग लेने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथियों एवं प्राचार्य द्वारा पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत, कक्षा 6 के विद्यार्थियों द्वारा राजस्थानी नृत्य, कक्षा 7 की छात्राओं द्वारा नृत्य, मराठी नृत्य, नुक्कड नाटक, चतुरांग, कवाली, हरियाणवी नृत्य, बाल विवाह पर नाटकीय प्रस्तुति, कालबेलिया नृत्य आदि प्रस्तुत किये गये।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि धनराज मीणा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सभी विद्यार्थियों द्वारा शैक्षणिक, खेलकूद, इत्यादि गतिविधियों में पूरे विद्यालय एवं बूंदी जिले का नाम रोशन किया गया है।
इस अवसर पर प्राचार्य राजेन्द्र प्रसाद मीना ने मुख्य अतिथियों का माल्यार्पण कर श्रीफल भेट करते हुए स्वागत किया तथा अपने उद्बोधन में कहा कि जनवि बूंदी के विद्यार्थी अपने बेहतरीन शैक्षणिक परिणाम चाहे वे विद्यालय स्तर पर हो अथवा जिला स्तर पर किसी भी प्रकार की गतिविधि हो उसमें भाग लेकर के अपना बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं तथा बूंदी जिले का सिरमौर हमेशा बनाये रखते हैं,उन्होने सभी विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य को लेकर शुभकामनाएँ दी।